राज्यसभा की 59 सीटों के लिए 23 मार्च को होगी वोटिंग, इनमें सबसे ज्यादा यूपी की 10 सीट



नई दिल्ली.  राज्यसभा की 59 सीटों के लिए 23 मार्च को चुनाव होंगे। वोटों की गिनती भी उसी दिन शाम को होगी। चुनाव आयोग (ईसी) ने शुक्रवार को इसका एलान किया। ईसी के नोटिफिकेशन के मुताबिक, कैंडिडेट्स के लिए नॉमिनेशन फाइल करने की आखिरी तारीख 12 मार्च है। 15 राज्यों की 57 सीटों पर मेंबर्स का कार्यकाल अप्रैल-मई में खत्म होगा। केरल में सांसद वीरेंद्र कुमार और यूपी में मायावती के इस्तीफे के चलते इन दो सीटों पर भी चुनाव होगा। इस बार के चुनाव में सबसे ज्यादा यूपी की 10 सीटें शामिल हैं। बीजेपी को यहां सबसे ज्यादा फायदा मिल सकता है।

 

किस-किस का कार्यकाल खत्म होगा?

- राज्यसभा के रिटायर होने वाले 57 मेंबर्स में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, धर्मेंद्र प्रधान, जेपी नड्डा, थावरचंद गहलोत और रामदास अठावले भी शामिल हैं।

- इसके अलावा बीएसपी सुप्रीमो मायावती की सीट पर भी चुनाव होंगे। जिन्होंने पिछले साल जुलाई में नाराज होकर मेंबरशिप से इस्तीफा दे दिया था।

 

यूपी की सबसे ज्यादा सीटें

- अगले महीने राज्यसभा की जिन सीटों पर चुनाव होने हैं, उनमें यूपी की सबसे ज्यादा 10 सीटें हैं। इसके बाद महाराष्ट्र और बिहार की 6-6, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल की 5-5, गुजरात और कर्नाटक की 4-4, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, राजस्थान की 3-3, झारखंड की 2, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की 1-1 सीट शामिल हैं।

 

केरल की एक सीट पर उपचुनाव

- केरल की एक राज्यसभा सीट पर उपचुनाव होगा। यहां से सांसद चुने गए वीरेंद्र कुमार ने दिसंबर में इस्तीफा दिया था। उनका कार्यकाल अप्रैल, 2022 तक था।

 

यूपी से कौन-कौन रिटायर होगा?         

- यूपी की 10 में से 9 सीटों पर सांसद 2 अप्रैल को रिटायर होंगे। इनमें जया बच्चन (सपा) और प्रमोद तिवारी (कांग्रेस) भी शामिल हैं। एक सीट मायावती के इस्तीफे से खाली हुई है।

 

राज्यसभा में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी

- गुजरात में राज्यसभा सीटों पर अगस्त, 2017 में चुनाव के बाद बीजेपी 58 सीटों के साथ राज्यसभा में सबसे बड़ी पार्टी बन गई थी। फिलहाल कांग्रेस के पास 57 सीटें हैं।

Post a Comment

0 Comments