नई दिल्ली/भोपाल.
भाजपा ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची
शुक्रवार को जारी कर दी। इसमें 176 उम्मीदवारों के नाम हैं। पहले 177 नामों
की सूची जारी की गई थी, जिसमें 6 घंटे बाद संशोधन किया गया और घट्टिया
सीट को रोका गया। 3 मंत्रियों समेत 33 विधायकों के टिकट काटे गए हैं।
वहीं, 2013 के चुनाव में हार चुके कुछ नेताओं को भी मौका दिया गया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधनी सीट से ही चुनाव लड़ेंगे। पूर्व
मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर की गोविंदपुरा सीट और पूर्व मंत्री कैलाश
विजयवर्गीय की सीट महू का इस सूची में जिक्र नहीं है। मध्यप्रदेश में 230
विधानसभा सीटें हैं। 54 उम्मीदवारों की दूसरी सूची कुछ दिनों बाद जारी
होगी। इस बीच, पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू ने कांग्रेस छोड़ दी। वे भाजपा
में शामिल हो गए। उन्हें भी टिकट मिलने के आसार हैं।
तीन मंत्रियों को टिकट नहीं, इनमें से दो के बेटे को बनाया उम्मीदवार
तीन मंत्रियों को टिकट नहीं, इनमें से दो के बेटे को बनाया उम्मीदवार
- शिवराज कैबिनेट में मंत्री माया सिंह का ग्वालियर पूर्व से टिकट कटा
- मंत्री गौरीशंकर शेजवार की जगह उनके बेटे मुदित को सांची से टिकट दिया गया
- व्यापमं घाेटाले में आरोपी पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा के भाई उमाकांत सिरोंज से उम्मीदवार
- पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए
- माया सिंह का ग्वालियर पूर्व से टिकट कट गया है। वे शिवराज सरकार में नगरीय प्रशासन मंत्री हैं। उनकी जगह सतीश सिकरवार को टिकट दिया गया है। सतीश सुमावली सीट से मौजूदा विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार के भाई हैं। सुमावली से सत्यपाल सिंह का टिकट कट गया है।
- वन मंत्री रहे गौरीशंकर शेजवार की जगह सांची से उनके बेटे मुदित शेजवार को उम्मीदवार बनाया गया है।
- रामपुर बाघेलान से विधायक और मंत्री हर्ष सिंह का टिकट काटा गया है। उनकी जगह बेटे विक्रम सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।
- व्यापमं घोटाले में आरोपी पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा के भाई उमाकांत को सिरोंज से टिकट दिया गया है।
- देवास-शाजापुर से सांसद मनोहर ऊंटवाल को आगर से प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं, पन्ना-खजुराहो सीट से सांसद नागेंद्र सिंह को नागौद से टिकट दिया गया है।
- आरडी प्रजापति का चांदला (छतरपुर) से टिकट काटकर उनके बेटे राकेश प्रजापति को टिकट दिया गया है।
- ललिता यादव वर्तमान में छतरपुर से विधायक हैं। अब उन्हें बड़ा मलहरा सीट से टिकट दिया गया है।
- मांधारा सीट से नरेंद्र सिंह तोमर को टिकट दिया गया है। नरेंद्र सिंह फिलहाल नर्मदा हाइड्रोलिक डेलवपमेंट सेंटर के संचालक हैं। 2003 में भी यहीं से भाजपा प्रत्याशी थे। उस वक्त कांग्रेस के राजनारायण सिंह से हार गए थे। इस बार उन्हें वर्तमान विधायक लोकेंद्र सिंह तोमर का टिकट काटकर उतारा गया है। नरेंद्र सिंह, लोकेंद्र सिंह के रिश्तेदार हैं।
- हरदा से कमल पटेल, उदयपुरा से रामकिशन, पवई से ब्रजेश प्रताप सिंह, इच्छावर से करण सिंह धवर्मा, कसरावद से आत्माराम पटेल को टिकट दिया गया है। ये 2013 में चुनाव हार गए थे।
0 Comments